कोटा: 22 वर्षीय डिलीवरी बॉय ने घर में फंदा लगाकर की आत्महत्या, कारणों की जांच में जुटी पुलिस

0
22

कोटा
शहर के महावीर नगर थाना क्षेत्र के केशवपुरा इलाके में एक 22 वर्षीय युवक द्वारा आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। मृतक पिछले एक साल से डिलीवरी बॉय का काम कर रहा था। पुलिस ने मंगलवार को न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है।

अकेलेपन का उठाया फायदा
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान गुरुनाम सिंह (22) के रूप में हुई है। घटना सोमवार की है। मृतक के जीजा आकाश ने बताया कि सोमवार को गुरुनाम काम पर नहीं गया था। दोपहर करीब 3 बजे तक वह बाजार में था, जहां से वह एक स्कार्फ खरीदकर लाया था। घर पर उसकी मां और बड़ा भाई भी रहते हैं, जो अपने-अपने काम पर गए हुए थे।

दोपहर में जब बड़ा भाई घर से लंच लेकर वापस जा रहा था, तब गुरुनाम ने उससे मकान का मुख्य गेट लगाकर जाने को कहा था। परिजनों के पीछे से उसने इस खौफनाक कदम को अंजाम दिया। शाम को जब मां काम से घर लौटी, तो उसने बेटे को टिन शेड के एंगल से फंदे पर लटका हुआ पाया।

पूरी योजना के साथ उठाया कदम
घटनास्थल के दृश्य से प्रतीत होता है कि युवक ने आत्महत्या की पूर्व योजना बनाई थी। परिजनों के अनुसार, भाई के जाने के बाद गुरुनाम ने घर का कूलर चलाया और खिड़कियों के कांच पर अख़बार लगा दिए ताकि बाहर से कुछ दिखाई न दे। इसके बाद उसने अपनी स्कूटी को टिन शेड के नीचे खड़ा किया और उस पर चढ़कर एंगल से फांसी लगा ली। परिजनों ने यह भी बताया कि गुरुनाम हाल ही में सांवरिया जी के दर्शन करके लौटा था।

पुलिस कर रही है मामले की जांच
महावीर नगर थाना प्रभारी (SHO) दिग्विजय सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि मृतक एक साल से डिलीवरी बॉय के रूप में कार्यरत था। आत्महत्या के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने मृतक के बड़े भाई की रिपोर्ट के आधार पर मर्ग (अस्वाभाविक मौत का मामला) दर्ज कर लिया है और हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here