सांगोद की सड़कों पर उमड़ा ‘नारी शक्ति’ का सैलाब, हाथों में तख्तियां और जुबां पर जयकारे, महिलाओं का सैलाब देख शहर रह गया अचंबित

0
11

सांगोद
वीर सांगा पटेल की प्रतिमा स्थापना और अदालत चौराहे के नामकरण की मांग को लेकर सांगोद में चल रहा आंदोलन बुधवार को एक ऐतिहासिक पड़ाव पर पहुँच गया। मशाल जुलूस और सद्बुद्धि यज्ञ के बाद, आज सांगोद की सड़कों पर ‘नारी शक्ति’ का ऐसा सैलाब उमड़ा कि प्रशासन भी हतप्रभ रह गया। हजारों की संख्या में महिलाओं ने विशाल जुलूस निकालकर अदालत चौराहे पर प्रदर्शन किया और सरकार को स्पष्ट अल्टीमेटम दे दिया।

सांगा मंदिर से शुरू हुआ महा-जुलूस
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, बुधवार को सांगोद सांगा मंदिर से महिलाओं का विशाल जुलूस शुरू हुआ। हाथों में सांगा जी की प्रतिमा की मांग लिखी तख्तियां थामे और ‘वीर सांगा जी की जय’ के गगनभेदी उद्घोष के साथ जब महिलाएं सड़कों पर निकलीं, तो नजारा देखने लायक था।

जिस रास्ते से गुजरीं, लोग देखते रह गए
यह जुलूस पुराने बाजार, तहसील रोड, गांधी चौराहा और गायत्री चौराहा होते हुए आगे बढ़ा। ‘पीले चावल’ के न्योते का असर साफ दिख रहा था, क्योंकि सांगोद की सड़कों पर महिलाओं का समुद्र उमड़ पड़ा था। जिस रास्ते से भी यह जुलूस गुजरा, लोग नारी शक्ति की इस विशाल संख्या, अनुशासन और अदम्य साहस को देखकर अचंबित नजर आए।

अदालत चौराहे पर प्रदर्शन: “मूर्ति यहीं लगेगी”
विभिन्न मार्गों से होता हुआ यह विशाल जुलूस अंततः अपने गंतव्य ‘अदालत चौराहे’ पर पहुँचा। यहाँ महिलाओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। उन्होंने दो टूक कहा कि जिस वीर सांगा ने सांगोद को बसाया और जिनके नाम पर इस नगर का नाम है, उनकी मूर्ति इस नगर के मुख्य चौराहे पर लगनी ही चाहिए। यह सांगोद के हर नागरिक के स्वाभिमान का प्रश्न है।

समिति की चेतावनी: “उपेक्षा हुई तो आंदोलन उग्र होगा”
इस ऐतिहासिक प्रदर्शन के दौरान आंदोलन समिति ने शासन-प्रशासन के रवैये पर कड़ा ऐतराज जताया। समिति ने स्पष्ट किया कि अब तक समिति द्वारा बेहद अनुशासित तरीके से आंदोलन (मशाल जुलूस, यज्ञ आदि) किया जा रहा है। लेकिन, मांगों को लेकर प्रशासन का रवैया लगातार उदासीन और निराशाजनक देखने को मिल रहा है।

समिति ने खुली चेतावनी दी है कि अगर प्रशासन द्वारा पूरे नगर की इस जायज मांग को इसी तरह लगातार खारिज किया जाता रहेगा, तो अब यह आंदोलन ‘उग्र’ रूप लेगा और मांग पूरी होने तक अनवरत जारी रहेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here